फरीदाबाद। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को थाना सेक्टर-8 पुलिस की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-9 के छात्र-छात्राओं के लिए विशेष शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका, साइबर अपराधों से बचाव और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि पुलिस आमजन की सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम और नागरिकों की शिकायतों के निवारण के लिए किस प्रकार कार्य करती है। उन्हें थाने की व्यवस्था और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी समझाया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर वे सही माध्यम से पुलिस की सहायता ले सकें।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक किया। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध कॉल और संदेशों से सतर्क रहने तथा पासवर्ड, ओटीपी और निजी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। विद्यार्थियों को नशे और मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक नुकसान के बारे में भी बताया गया। संवाद