फरीदाबाद। जिले में डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोज नए मरीजों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के छह नए मामलों की पुष्टि की। इसके बाद जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या सौ पहुंच गई है।
तीन साल में ऐसा पहली बार हुआ जब जिले में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा सौ पहुंचा है। इस साल मलेरिया के अभी तक केवल सात मरीज मिले हैं। विभाग अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों पर बुखार के मरीजों से लिए जाने वाले खून के नमूनों की स्लाइड तैयार कर रहा है, इस साल अभी तक 40 हजार से अधिक स्लाइड तैयार की जा चुकी हैं।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि बारिश के मौसम में जलजनित व मच्छरों के कारण होने वाली बीमारियां काफी बढ़ जाती हैं। इस बार सितंबर माह में काफी अच्छी बारिश हुई है। इसलिए इस तरह की बीमारियां बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि डेंगू नियंत्रण के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं। 40 से अधिक टीमें रोज अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर एंटी लार्वा एक्टिविटी चला रही हैं, जिन क्षेत्रों में डेंगू के मरीज अधिक मिल रहे हैं, वहां पर नगर निगम ने फॉगिंग भी शुरू कर दी है।