सास व ससुर को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। थाना पल्ला के रोशन नगर में विवाहिता की हत्या कर शव गड्ढे में दबाने के मामले में पुलिस ने ननद काजल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा। इस मामले में पहले ही सास व ससुर को गिरफ्तार किया जा चुका है।
रोशन नगर निवासी अरुण ने 24 अप्रैल पुलिस चौकी नवीन नगर को पत्नी तन्नू राजपूत के लापता होने की सूचना दी थी। थाना पल्ला में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने 20 जून को घर के सामने एक गड्ढे से तन्नू के शव को बरामद किया। इसके बाद ससुर भूप सिंह व साजिशकर्ता सास सोनिया को गिरफ्तार किया। उन्होंने आगे बताया कि अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने ननद काजल की भूमिका की भी जांच की और पाया कि घटना के दिन ननद ने तन्नु के शव को गड्ढे में दबाने में अपने पिता भूप सिंह व भाई अरुण की सहायता की थी। जब शव को गड्ढे में दबाया जा रहा था तब वह वहां पर निगरानी कर रही थी। अपराध शाखा की टीम ने काजल निवासी रोशन नगर को गिरफ्तार कर लिया है।