भूरे बाबा की दरगाह तोड़ी, एसएचओ का ट्रांसफर
- मौके पर भारी पुलिस तैनात, किसी ने शिकायत दी नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
बल्लभगढ़। मंगलवार देर रात अज्ञात लोगों ने पंचायत भवन में बनी भूरे बाबा की दरगाह को तोड़ दिया। ऐसे में लोगों के विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पंचायत भवन के अंदर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। प्रशासन की पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। इस संबंध में सिटी थाने के एसएचओ सतीश कुमार का ट्रांसफर कर दिया गया है। उनकी जगह पर सत्यभान को तैनात किया गया है।
बता दें कि मंगलवार को धर्म जागरण समन्वय से जुडे़ कुछ लोगों ने मजार पर विरोध प्रदर्शन किया था। मौलवी के पास के पास से उन्हें आपत्ति जनक सामान मिला है। इस पर संगठन के सदस्यों ने जमकर बवाल काटा था। इसी बीच रात में मजार के तोड़फोड़ की घटना हो गई। हालांकि दरगाह कैसे टूटी, इसके बारे में पुलिस अभी कुछ बताने को तैयार नहीं है। वहीं, मजार टूटने पर किसी ने पुलिस में शिकायत नहीं दी है। थाना सिटी प्रभारी सत्यवान ने बताया कि दरगाह को तोड़ने को लेकर उनके पास किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं आई है। इसलिए अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। यदि कोई शिकायत करता है मामला दर्ज कर लिया जाएगा। वहीं, डीसीपी बल्लभगढ़ जयवीर सिंह राठी का कहना है कि दरगाह अवैध रूप से बनी हुई थी। मौलवी से मजार के दस्तावेज मांगे गए थे लेकिन दस्तावेज पेश नहीं करने पर उसे कहा गया था कि खुद ही हटा दें। हालांकि पुलिस सभी बातों पर नजर रखे हुए हैं।