फरीदाबाद। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए बाईपास रोड के साथ लगी हुई सीवर, पानी व स्ट्रॉम वॉटर ड्रेन लाइनों को शिफ्ट किया जाना है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने अपने हिस्से में इन काम को करने के लिए 43 करोड़ रुपये का प्रस्ताव एनएचएआई को सौंपा है।
बाईपास रोड को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के लिंक रोड के रुप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए जगह-जगह स्ट्रक्चर बनाने व सड़क को चौड़ा करने का काम शुरू हो चुका है। रोड को चौड़ा कर 12 लेन का किया जाना है। सड़क के साथ पानी, सीवर, स्ट्रॉम वॉटर ड्रेन, बिजली की लाइनें गुजर रही हैं और कुछ ट्यूबवेल भी लगे हुए हैं। सड़क को चौड़ा करने के लिए शिफ्ट करना भी जरूरी है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने अपने हिस्से में आने वाले 16 ट्यूबवेलों, सीवर लाइनों, पानी की लाइनों व स्ट्रॉम वॉटर ड्रेन लाइन को शिफ्ट करने के लिए एनएचएआई को 43 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया है। अधिकारियों का कहना है कि एनएचएआई अपने हिसाब से इन्हें शिफ्ट करने का काम करेगी। एचएसवीपी के कार्यकारी अभियंता अजीत सिंह ने बताया कि रोड के साथ आ रही जन सुविधाओं को शिफ्ट करने का प्रस्ताव एनएचएआई को दे दिया है।