अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों ने देश के साथ-साथ औद्योगिक नगरी फरीदाबाद को भी नई पहचान और नई गति दी है। उन्होंने दावा किया कि आधारभूत ढांचे के विस्तार, जनकल्याणकारी योजनाओं और आर्थिक सुधारों के चलते जिले में विकास के नए अवसर पैदा हुए हैं और आम लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
सेक्टर-15 स्थित भाजपा कार्यालय ''''अटल कमल'''' में आयोजित प्रेस वार्ता में कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही पर आधारित शासन व्यवस्था स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि देश आज पहले से अधिक सशक्त, आत्मनिर्भर और सुरक्षित राष्ट्र के रूप में विश्व मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।