संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन।
आलीमेव गांव में सरपंच के बेटे और बेटी के साथ मारपीट, कार में तोड़फोड़ और नकदी लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आलीमेव निवासी मोहिम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता जाकिर हुसैन गांव के सरपंच हैं, जबकि बहन तबस्सुम वार्ड नंबर आठ की पंचायत सदस्य है। बुधवार को वह बहन को लेने खिलुका गांव गया था। बाद में तबस्सुम अपने देवर सारुख के साथ हथीन बाजार से सामान खरीदकर स्कॉर्पियो कार में लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में कुछ युवकों ने उनकी गाड़ी रुकवाकर अभद्रता की और मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पीड़ित के अनुसार, जब वह घायल सारुख का मेडिकल कराने हथीन अस्पताल जा रहा था, तभी तीन गाड़ियों में आए 15 से 17 युवकों ने उनकी कार को घेर लिया। आरोपियों ने लाठी-सरियों से हमला कर कार को क्षतिग्रस्त कर दिया और सारुख की जेब से सात हजार रुपये लूट लिए। शोर मचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित 10-12 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।