मुजेसर थाना क्षेत्र स्थित गौछी गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मुजेसर थाना क्षेत्र स्थित गौछी गांव में नाई की दुकान पर बैठे सलमान नामक युवक पर हमला करने और गले से सोने की चेन तोड़ने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गांव गौछी निवासी सलमान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 मई की रात करीब आठ बजे वह अपने भाई इकबाल के साथ नाई की दुकान पर शेविंग करवा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की सफेद रंग की कार और दो बाइक पर सवार युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि कार और बाइक पर आए छह-सात युवक सरिया और तलवार लेकर उतरे और उस पर हमला कर दिया।
शिकायत में सलमान ने मुकुल, हर्ष जाट, होशियार और कार्तिक के नाम बताए हैं। उसने आरोप लगाया कि मुकुल के हाथ में पिस्तौल और होशियार के हाथ में तमंचा था, जबकि अन्य चार युवकों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। आरोपियों ने उसके सिर, हाथ और कमर पर हमला किया। इस दौरान कार्तिक उसके गले से सोने की चेन तोड़कर ले गया। जाते समय आरोपी उसे और उसके भाई को जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। सलमान ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी पांच अप्रैल को बुलेट और स्कॉर्पियो से उसके घर आए थे, जिसका वीडियो पुलिस को दिया जा चुका है। उसने आरोप लगाया कि आरोपी आए दिन झगड़ा करते हैं और गौछी गांव व जीवन नगर पार्ट-दो क्षेत्र में सट्टा और शराब कारोबारियों से अवैध वसूली करते हैं।
19 मई को पुलिस को सूचना मिली थी कि घायल सलमान अस्पताल में भर्ती है। वहां से जानकारी मिलने के बाद पुलिस एसएचएम अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सकों ने सलमान का चिकित्सीय परीक्षण किया। मेडिकल रिपोर्ट में उसके सिर, हाथ, कलाई, उंगली और सीने पर पांच चोटों का उल्लेख किया गया है। मुजेसर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।