15 अगस्त को वीर सैनिकों, स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के परिजनों को किया जाएगा सम्मानितसंवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शिक्षा विभाग की ओर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में देश के रक्षकों को सलाम नामक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन 15 अगस्त को किया जाएगा, जिसमें वीर सैनिकों, स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के लिए 4 अगस्त से ही स्कूलों में इसकी तैयारी शुरू कर दी गई थी। स्कूल प्रबंधन समितियां, शिक्षकों और स्थानीय समाज के सहयोग से विद्यार्थियों को सैनिकों से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियों, पत्र लेखन, पोस्टर मेकिंग, निबंध लेखन और देशभक्ति गीतों के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संवाद सत्र और सेवाओं से जुड़े अधिकारियों से बातचीत रहेगी। शिक्षा विभाग ने यह भी निर्देश दिए हैं कि स्कूल इस आयोजन की तस्वीरें, वीडियो और रिपोर्ट्स सोशल मीडिया व शिक्षा पोर्टल पर साझा करें। इस कार्यक्रम को राष्ट्र निर्माण के प्रति विद्यार्थियों की सोच मजबूत करने का एक सार्थक प्रयास माना जा रहा है।