फरीदाबाद। अपनी मांगों को लेकर ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का आंदोलन लगातार जारी है। मंगलवार को कर्मचारियों ने बीडीपीओ कार्यालय बल्लभगढ़ के सामने धरना देकर प्रदर्शन किया। तेज धूप और गर्मी के बावजूद कर्मचारियों ने मेन बाजार से अंबेडकर चौक तक मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन की अध्यक्षता राजू नरावली ने की, जबकि संचालन वित्त सचिव दिनेश पाली ने किया। यूनियन नेताओं ने बताया कि कर्मचारियों की हड़ताल 13वें दिन में प्रवेश कर चुकी है और इसे 31 मई तक बढ़ा दिया गया है।
विज्ञापन
जिला सचिव राजू बहादुरपुर और उपप्रधान महेंद्र माडोतिया ने कहा कि राज्य कमेटी के आह्वान पर 29 मई को सेक्टर-16 स्थित कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के कार्यालय के सामने आक्रोश प्रदर्शन किया जाएगा।
सीटू के जिला सचिव वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने कहा कि वर्ष 2007 में भर्ती किए गए ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को अब तक पक्का नहीं किया गया है। कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन भी नहीं मिल रहा है और बढ़ती आबादी के अनुसार नई नियुक्तियां नहीं की जा रही हैं।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण सफाई कर्मचारी शामिल रहे।