श्मशान घाट तक भी बनेगा रास्ता, केंद्रीय राज्यमंत्री ने किया विकास कार्यों का शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। गांव अनंगपुर में करीब 2.54 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। रविवार को केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़खल विधायक धनेश अदलखा और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सड़कों के निर्माण में आरएमसी तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे इनके मजबूत और टिकाऊ होने की उम्मीद है।
केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि अनंगपुर में सड़कें लंबे समय तक बेहतर स्थिति में रहें, इसके लिए अधिकारियों को आरएमसी तकनीक से निर्माण कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। ग्रामीणों की मांग पर गांव से श्मशान घाट तक सड़क निर्माण कराने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को इनके प्राथमिकता से समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
16 लाख से होगा हरिजन चौपाल का नवीनीकरण
बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। उन्होंने डी-प्लान के तहत अनंगपुर की हरिजन चौपाल के करीब 16 लाख रुपये की लागत से नवीनीकरण कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि चौपाल के नवीनीकरण से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
विधायक ने कहा कि नई सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होगी। क्षेत्रवासियों की मांगों के आधार पर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इस अवसर पर पार्षद सतीश चंदीला, पार्षद हरिंदर भड़ाना समेत सुदेश, सुबोध, फिरे सहित अन्य ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे।