संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। श्री महावीर दल दशहरा कमेटी द्वारा बुधवार को दशहरा पर्व की तैयारियों का जायजा लिया गया। इस मौके पर अखिल भारतीय लय्या बिरादरी एवं पंजाबी समाज के पदाधिकारी, प्रधान धर्म बरेजा और महासचिव राज मिगलानी सहित अन्य लोग दशहरा मैदान पहुंचे। प्रधान धर्म बरेजा ने बताया कि इस पर्व को मनाने के लिए सबका जोश हाई है।
उन्होंने कहा कि बीते मंगलवार को हुई बारिश से पहले ही रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों को पॉलिथीन से ढक दिया गया था। अगर मौसम थोड़ा बहुत व्यवधान डालता है तो हमने पूरी तैयारी कर ली है। यहां आने वाले लोगों को रावण दहन देखने में कोई असुविधा नहीं होगी। महासचिव राज मिगलानी ने बताया कि इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर सहित कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, राज्यमंत्री राजेश नागर, महापौर प्रवीण जोशी, मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव अजय गौड और पूर्व विधायक सीमा त्रिखा मौजूद रहेंगी। उन्होंने बताया कि मंच संचालन कवि दिनेश रघुवंशी करेगें। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाबी सभा के अध्यक्ष संजीव सलूजा करेंगे।