70 फीट का रावण का पुतला बना चर्चा का विषय, जाम की समस्या को लेकर पुलिस अलर्ट, सुरक्षा पर भी रहेगा पूरा ध्यान
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। दशहरा का पर्व इस बार फरीदाबाद में विशेष रंगों से सजेगा। शाम ढलते ही शहर के 14 से अधिक मैदानों में रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया जाएगा। पुलिस की ओर से सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की विशेष योजना बनाई गई है ताकि लोग बिना किसी समस्या के दशहरे का आनंद ले सकें। अधिकारियों के अनुसार दर्शकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल और सादे कपड़ों में टीमें मैदानों में मौजूद रहेंगी।
फरीदाबाद के अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित होने वाले इन मेलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। धार्मिक संस्थाओं और स्थानीय समितियों ने नाट्य मंचन की तैयारियां की हैं। कहीं राम-रावण युद्ध का मंचन होगा तो कहीं भक्तिमय भजन-संध्या का आयोजन भी होगा।
सबसे बड़ा आयोजन एनआईटी दशहरा मैदान में
एनआईटी का दशहरा मैदान इस बार भी पूरे जिले का केंद्र बनेगा। यहां हजारों की संख्या में लोग जुटने वाले हैं। रावण, मेघनाद और कुंभकरण के विशाल पुतलों का दहन होगा। खास बात यह है कि रावण के पुतले से दहन से पहले आग की लपटें निकलेंगी, जो हर बार दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण रहती हैं।
रावण के पुतले को खड़ा करने में करनी पड़ी मशक्कत
शहर का सबसे विशाल रावण का पुतला सिद्धपीठ हनुमान मंदिर और श्री सनातन धर्म महावीर दल की ओर से बनाया गया है। इसकी ऊंचाई 70 फीट रखी गई है। दूर-दूर से लोग इस भव्य रावण को देखने पहुंचेंगे। सेक्टर 30 में बनाए गए रावण को खड़ा करने के लिए हाइड्रा मशीन का इस्तेमाल किया गया। रावण के पुतले को खड़ा करने में भी आयोजकों को खासा मशक्कत करनी पड़ी। वहीं बिल्डिंग के बराबर लंबा रावण दूर से ही लोगों को दिख रहा है।
बल्लभगढ़ के साथ कई सेक्टरों में भी लगेंगे मेले
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ दशहरा मैदान में भी बड़ा आयोजन होगा, जहां हजारों की संख्या में लोग जुटेंगे। इसके अलावा सेक्टर-30, इस्माइलपुर, पल्ला, ग्रीनफील्ड और कई अन्य कॉलोनियों व सोसाइटी स्तर पर भी रावण दहन होगा। ग्रेटर फरीदाबाद की सोसाइटियां भी पीछे नहीं हैं। यहां पर छोटे-बड़े आयोजन कर स्थानीय निवासियों को पर्व का आनंद दिया जाएगा।
मेला और बाजार की रौनक
दशहरा केवल रावण दहन तक सीमित नहीं है। मेले के दौरान शहर के कई मैदानों में खाने-पीने के स्टॉल, बच्चों के लिए झूले, खिलौनों की दुकान और आतिशबाजी की चकाचौंध दिख रही है। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों और छोटे दुकानदारों को अच्छा रोजगार मिल रहा है। त्योहार के दौरान मिठाई और उपहार की बिक्री में भी इजाफा हो रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी पैनी
दशहरा के दिन सबसे अहम मुद्दा सुरक्षा को लेकर रहता है। इस पर पुलिस ने पूरी तरह तैयारी कर ली है। शहर भर में एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जा रहे हैं। इनमें से कई पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। दशहरा मैदानों की वीडियोग्राफी भी की जाएगी, ताकि असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा सके।
ट्रैफिक के लिए भी तैयार है प्लान
ट्रैफिक प्रबंधन के लिए पुलिस ने अलग प्लान तैयार किया है। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अस्थायी डायवर्जन लागू होंगे, जिससे लोग आसानी से मेले का आनंद ले सकें। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे वाहन लेकर जाते समय यातायात की जानकारी जरूर ले लें। वहीं यातायात प्रबंधन के करीब 700 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।