बीके अस्पताल के हार्ट सेंटर में हुए फर्जीवाड़े की जांच तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल के हार्ट सेंटर में हुए फर्जीवाड़े की एसजीएम नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मंगलवार रात एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने बीके अस्पताल के सीमएओ से रिपोर्ट मांगी है। इस रिपोर्ट में उन मरीजों की डिटेल मांगी गई है जिनका इलाज या सर्जरी फर्जी काॅर्डियोलॉजिस्ट डॉ. पंकज मोहन शर्मा ने की थी। साथ ही, इनमें से कितने मरीजों की मौत हुई, यह आंकडा भी रिपोर्ट में मांगा गया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि पूरे मामले से जुड़े सबूत अभी टीमें जुटा रही हैं। इसके आधार पर आगे कार्रवाई होगी। मामले में फर्जी डिग्री धारक डॉक्टर के अलावा अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी जांच कर उनके खिलाफ भी सबूत जुटाए जा रहे हैं।
एसजीएम नगर थाना में मंगलवार शाम को यह एफआईआर हार्ट सेंटर संचालन कर रही कंपनी के सीएमडी समेत 6 लोगों पर दर्ज हुई है। इनमें कंपनी के सीएमडी डॉ. एन प्रताप कुमार, एचआर हेड दलीप नायर कारपोरेट सेंटर हेड व फाइनेंस मैनेजर पीयूष श्रीवास्तव, सेंटर हेड हरियाणा अजय शर्मा, बीके अस्पताल के सेंटर हेड मंदीप और नकली डिग्री लिए इलाज करने वाले डॉ. पंकज मोहन शर्मा शामिल हैं।
शिकायत पर शुरू हुई कार्रवाई
डॉ. पंकज मोहन के मामले में पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही थी। इसके बाद सोमवार को शिकायतकर्ता एडवोकेट संजय गुप्ता ने डीसीपी एनआईटी मकसूद अहमद से मिलकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद मंगलवार शाम को इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई। शिकायतकर्ता एडवोकेट संजय गुप्ता ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन आरोपी का बचाव कर रहा है। उनसे पहले भी रिपोर्ट मांगी गई थी। लेकिन, उन्होंने रिपोर्ट अधूरी ही भेजी थी। अब एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने अब तक की गई सर्जरी और सर्जरी के दौरान हुई मौत की रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिन लोगों की सर्जरी के दौरान मौत हुई है। उनके परिवारों से भी पुलिस बातचीत करेगी।