दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से की जा रही है निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने डिफॉल्टर उपभोक्ताओं से बकाया राशि की वसूली के लिए अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। निगम की ओर से उन उपभोक्ताओं पर विशेष नजर रखी जा रही है जिनके बिजली कनेक्शन बकाया बिलों के कारण काटे जा चुके हैं, साथ ही वर्तमान में चल रहे कनेक्शनों की भी गहन निगरानी की जा रही है।
निगम के अधिकारियों के अनुसार, बिजली चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में बिजली चोरी की आशंका अधिक है, वहां टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। चोरी करते पाए जाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
अधीक्षक अभियंता जितेंद्र ढुल ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने लंबे समय से अपने बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया है, उनके खिलाफ विशेष अभियान के तहत कार्रवाई की जाएगी। ऐसे उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के साथ-साथ बकाया राशि की वसूली भी प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर अपने बिजली बिलों का भुगतान करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचें। निगम ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि कोई उपभोक्ता बिजली चोरी करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।