बल्लभगढ़। गांव नीमका स्थित जिला जेल फरीदाबाद में सुरक्षा वार्ड में कैदी पर गर्म पानी फेंकने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस हादसे में कैदी गंभीर रूप से घायल हो गया। जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ने बताया कि 21 मार्च को करीब शाम 5:45 बजे कैदी सुमित ने गर्म पानी को गिलास में भरकर सुरक्षा कक्ष नंबर-8 में बंद हवालाती पवन उर्फ चटका के चेहरे पर फेंक दिया था। उस समय पवन अपने कक्ष में बंद था। घटना के बाद जब जेल स्टाफ ने सुमित को रोकने की कोशिश की तो उसने किसी नुकीली वस्तु से अपने माथे और शरीर के अन्य हिस्सों पर खुद को घायल कर लिया। आरोप है कि इस दौरान उसने जेल स्टाफ के साथ अभद्रता और गाली-गलौज भी की। घायल पवन को प्राथमिक उपचार के बाद फरीदाबाद अस्पताल भेज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि कैदी सुमित पहले भी इस तरह की हरकत कर चुका है। थाना सदर बल्लभगढ़ पुलिस ने जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट की शिकायत पर आरोपी कैदी सुमित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद