संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बारिश के बाद शहर के प्रदूषण स्तर में गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को प्रदूषण से कुछ राहत मिली है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के आंकड़ों के अनुसार, फरीदाबाद में एक्यूआई 109 से घटकर 104 पर पहुंच गया। वहीं, बल्लभगढ़ में प्रदूषण स्तर में अधिक गिरावट दर्ज की गई। यहां एक्यूआई 128 से घटकर 70 रह गया।
एक्यूआई के आंकड़ों के अनुसार, 50 तक का स्तर अच्छा माना जाता है, जबकि 51 से 100 तक संतोषजनक श्रेणी में आता है। इस लिहाज से बल्लभगढ़ का एक्यूआई 70 संतोषजनक श्रेणी में रहा, जबकि फरीदाबाद का 104 मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया। बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में सुधार से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
बारिश के कारण हवा में मौजूद धूल के कण नीचे बैठ जाते हैं। इससे वातावरण में धूल की मात्रा कम होने और हवा की गुणवत्ता में सुधार होने में मदद मिलती है। बल्लभगढ़ में एक्यूआई में आई गिरावट से हवा पहले के मुकाबले साफ हुई है। वहीं, फरीदाबाद में भी प्रदूषण स्तर में मामूली सुधार देखने को मिला है।