गांव शाहजहांपुर के पूर्ण सरपंच नाहर सिंह ने बताया कि उनका गांव जिला फरीदाबाद के अंतिम छोर पर बसा हुआ है। उनके गांव से एक रास्ता यूपी राज्य में बसा गांव अट्टा फतेपुर और लथीपुर को जा रहा है। उनके गांव से करीब तीन किलोमीटर सड़क की जर्जर हालत होने की वजह से हरियाणा से यूपी जाने वाले लोगों को परेशानी होती थी। तीन साल पहले लोक निर्माण विभाग की ओर से गांव शाहजहांपुर से गांव अट्टा फतेहपुर और गांव लथीपुर के लिए लिंक रोड का निर्माण किया गया। इस सड़क के बनने से यूपी जाने वाले लोगों को काफी सुविधा हो गई। उस समय इस सड़क के बीच में कुछ बिजली के खंभे आ रहे थे।
निर्माण के दौरान विभाग ने कहा कि बाद में बिजली विभाग को पत्र लिखकर हटा दिए जाएंगे, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी सड़क के बीच व मोड़ पर लगे बिजली के खंभों को आज तक शिफ्ट नहीं किया गया है। जिसके चलते इस सड़क से गुजरने वाले लोगों के साथ आए दिन कोई न कोई हादसा होता रहता है। उनकी ओर से इस समस्या के बारे में कई बार अवगत करवाया जा चुका है।
विभाग को नहीं है कोई भी जानकारी
बिजली विभाग के बदरौला डिवीजन के उप-विभागीय अधिकारी अंकित अग्रवाल ने बताया कि अगर किसी सड़क का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग की ओर से किया जाता है तो उससे पहले उनकी ओर से एक पत्र बिजली विभाग को दिया जाता है। जिसमें कारण बताया जाता है कि सड़क के बीच में बिजली के खंभे आ रहे हैं कृपया उनको शिफ्ट कर दिया जाए। उन खंभों को शिफ्ट करने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से ही पैसा उनके विभाग में जमा किया जाता है। इस सड़क को लेकर उनके पास कोई भी जानकारी विभाग की ओर से नहीं आई है। वहीं लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रदीप संधू का कहना है कि इस सड़क के बीच में कोई भी बिजली का खंभा नहीं है, जो भी खंभे हैं, वह सड़क के चौराहे व कोने पर हैं। अगर ऐसा तो इसके बारे में बिजली विभाग को लिखा जाएगा।