तीन दिनों से कई-कई घंटे बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे थे
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-85 स्थित एडोर सोसाइटी में पिछले दिनों से लोगों को बिजली परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली कटौती की समस्या का समाधान नहीं होने के कारण सोमवार देर रात सोसाइटी के लोग सड़कों पर उतरे और सड़क को जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलने पर बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर ट्रांसफार्मर में हो रहे फॉल्ट को ठीक करवाया। उसके बाद सोसाइटी के लोग चैन की सांस लेकर सोए।
ग्रेटर फरीदाबाद की कई सोसाइटियों में लोगों को आए दिन बिजली कटौती की समस्या से जूझना पड़ता है। ग्रेटर फरीदाबाद में करीब 50 से अधिक सोसाइटी बनी हुई हैं। इनमें सबसे ज्यादा बिजली विभाग की ओर से बिजली सप्लाई की जाती है। गर्मी के दिनों में ओवरलोड होने की वजह से लोगों को बिजली कटौती की समस्या से जूझना पड़ता है। सोमवार देर रात सेक्टर-85 स्थित एडोर सोसाइटी के लोग बिजली नहीं आने की वजह सड़कों पर उतर आए। सोसाइटी के लोगों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे हैं। हर रोज 12 से 15 घंटे के कट लग रहे थे, जिससे लोग का रहना मुश्किल हो गया। बिजली नहीं होने की वजह से उनको पानी की समस्या से भी जूझना पड़ा। इस समस्या के बारे में बिल्डर को शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं किया गया। इसके चलते सोमवार रात करीब 11 बजे सोसाइटी के हजारों लोग सड़कों पर उतर गए और सड़क पर जाम लगा दिया। इससे उस रास्ते से गुजरने वाले वाहनों को समस्या का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों को बुलाकर सोसाइटी में बिजली आपूर्ति की।
ओवरलोड की वजह से उड़ रहा फ्यूज
बिल्डर ने बताया कि ओवरलोड होने की वजह से तीन दिनों से ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ रहा है। इसकी वजह से सोसाइटी के लोगों को बिजली समस्या से जूझना पड़ रहा है। अब फ्यूज को बदल दिया, अब लोगों को परेशानी नहीं होगी।
ओल्ड फरीदाबाद के दफ्तर पर किया हंगामा
खेड़ी कलां में बिजली कटौती की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को खेड़ी कला के लोग बिजली समस्या को लेकर ओल्ड फरीदाबाद बिजली दफ्तर में गए जहां पर उन्होंने कर्मचारी को बिजली आपूर्ति करने के लिए कहा। इस पर कर्मचारी लोगों से बहस बाजी करते हुए नजर आए। इसकी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसके अलावा देर रात गांव सुनपेड़, गांव सागरपुर, सेक्टर-65, सेक्टर-2, सेक्टर-4, एनआईटी, जवाहर कॉलोनी आदि के लोगों को भी पांच से छह घंटे बिजली कटौती की समस्या से जूझना पड़ा।
हर घंटे आ रही है 150 शिकायतें
गर्मी के दिनों में लोगों को सबसे ज्यादा बिजली कटौती की समस्या से जूझना पड़ रहा है। बिजली कंट्रोल रूम में हर घंटे 150 शिकायतें आ रही हैं। इसमें सबसे ज्यादा बिजली कटौती की हैं। ओवरलोड की वजह से जगह-जगह ट्रांसफार्मर खराब हो रहे हैं। इसी वजह से उनको ठीक करने में दिक्कत होती है।