सब्जियों में सबसे अधिक प्रयोग होने वाले आलू के बढ़ते दाम शहरवासियों को इन दिनों खास परेशान कर रहे हैं। हर साल महंगी प्याज लोगों को रुलाती आई हैं, लेकिन इस बार प्याज के दाम नहीं आलू के दाम रुला रहे हैं।
बाजारों में प्याज 14 रुपये किलो तो आलू 20 से 25 रुपये किलो बिक रहा है। पहले जहां आलू 14 से 15 रुपयो किलो रुपये मिल रहा था, वहीं धीरे धीरे इसकी कीमत में तेजी आ गई है। किसानों का कहना है कि इस बार आलू की फसल कमजोर रहने के कारण दामों में तेजी आई है। डबुआ, सेक्टर-16 और बल्लभगढ़ मंडी में भी आलू 80 रुपये और प्याज 50 रुपये धड़ी मिल रही है।
लाल आलू 15 रुपये किलो के हिसाब से मिल रहा है। आढ़ती हर्ष ने बताया कि किसानों ने आलू कोल्ड स्टोर में रखे हुए हैं, वहां से नहीं निकालने के कारण आलू मंहगे मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि आलू के अलावा हरी मिर्च के दाम में भी वृद्धि हुई है। 80 रुपये किलो मिलने वाली मिर्च इस समय 100 रुपये किलो बिक रही है।
हरवासियों का कहना है कि प्याज महंगी थी, तो लोगों ने प्याज का प्रयोग कम कर दिया, लेकिन आलू के दामों में वृद्धि चिंता का विषय है क्योंकि आलू हर सब्जी में प्रयोग किया जाता है।
अरहड़ के दाम भी कर रहे परेशान
दालों की कीमत आसमान छू रही है। लोगों ने घरों में अरहड़ की दाल, छोले, राजमा बनाना कम कर दिया है। 80 रुपये किलो बिकने वाली अरहड़ की दाल इस समय 150 से 180 रुपये किलो तक बिल रही है। महंगाई की मार झेल रहे लोग खासा परेशान हो रहे हैं। वहीं राजमा और छोले 95 से 130 रुपये किलो बिक रहा है।