-एसीपी मुख्यालय के नेतृत्व में कोतवाली थाना इलाके में हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। कोतवाली थाना इलाके में शुक्रवार दोपहर अचानक से पुलिस टीम ने आठ स्पा सेंटरों पर दबिश दी। कुछ सेंटरों पर लोग आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस को आता देख सेंटरों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जांच पूरी होने तक सभी संचालकों को सेंटर बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
एसीपी मुख्यालय विरेंद्र सिंह की अगुआई में शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे पुलिस की टीम सबसे पहले नीलम चौक स्थित रिलैक्स स्पा पर पहुंची। यहां से पुलिस ने दो ग्राहकों को आपत्तिजनक स्थिति में काबू किया। टीम में महिला थाना एनआईटी इंस्पेक्टर सविता रानी, थाना कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार व दुर्गा शक्ति की टीम भी शामिल थी। इसके साथ ही बने यो यो स्पा, डब्लू स्पा, एन स्पा, हैंड्स ऑफ गोल्ड़ स्पा, ए वन स्पा व अन्य पर भी जांच के लिए पुलिस पहुंची। पुलिस टीम ने स्पा सेंटरों पर रखे ग्राहक रजिस्टर, लाइसेंस व अन्य कागजात कब्जे में लिए। सेंटरों पर लगे सीसीटीवी की भी जांच की जा रही है।
नीलम पुल के साथ बने मार्केट में करीब आठ से दस स्पा सेंटर हैं। दुकानदारों ने डीसीपी एनआईटी को सभी की शिकायत की थी कि यहां काफी शोर शराबा रहता है। स्पा सेंटर में लोग अक्सर शराब पीकर आते हैं और मार्किट में आने जाने वाले अन्य ग्राहकों के साथ मारपीट तक कर देते हैं। इससे अन्य दुकानदारों को समस्या का सामना करना पड़ता है। पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए शुक्रवार को कार्रवाई की। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया शिकायत के बाद कार्रवाई की गई है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।