एफसीसीआई की गर्वनिंग बॉडी की बैठक में कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में बुधवार को फरीदाबाद चैंबर ऑफ कॉमर्स व इंडस्ट्री (एफसीसीआई) की गर्वनिंग बॉडी की बैठक आयोजित की गई। इनमें कानून व्यवस्था, यातायात प्रंबधन, प्रदूषण नियंत्रण और साइबर फ्रॉड जैसे मुद्दों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। चर्चा के दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेश दुग्गल ने कहा कि फरीदाबाद पुलिस जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद पुलिस की ओर से लगातार अपराधियों पर कार्रवाई की जा रही है। घटना स्थल पर पुलिस जल्द से जल्द पहुंच कर मामलों की जांच कर रही हैं। उन्होंने बताया कि महिला अपराधों के प्रति भी पुलिस की सक्रिय भूमिका है जिसके चलते गत वर्ष के अपेक्षा महिला विरुद्ध अपराध में 5 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है।
बैठक के दौरान उन्होंने उपस्थित फैक्टरी और इंडस्ट्रियल मालिकों को भी कहा की उनके पास कार्य कर रहे बाहर के लोगो का वेरिफिकेशन जरूर कराएं। इसके अलावा साइबर अपराध के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों पर फरीदाबाद पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है इस वर्ष अभी तक 1450 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार करके लगभग 23.5 करोड़ रुपये बरामद किये गए हैं।
अंत में उन्होंने यातायात को लेकर कहा कि यातायात पुलिस लगातार अपने क्षेत्र में कार्य कर रही है कोहरे के मद्देनजर एडवाईजरी भी जारी की गई है। प्रदूषण नियंत्रण के संबंध में ग्रेप-4 के अंतर्गत सभी वाहनों पर निगरानी रखकर कार्रवाई की जा रही है। जिले में ग्रेप-4 के मद्देनजर यातायात पुलिस के 5 नाके लगाए गए हैं, जहां पर वाहनों की संघन चेकिंग की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान संदीप सिंह (हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड, फरीदाबाद), पंकज पूजन रामपाल (जिला अध्यक्ष, भाजपा फरीदाबाद), एचके बत्रा (अध्यक्ष), रोहित रुंगटा (महासचिव), टीसी धवन (इमीडिएट पास्ट प्रेसिडेंट) और एमपी रुंगटा (संस्थापक एवं पूर्व अध्यक्ष एफसीसीआई) आदि लोग उपस्थित रहे।