अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बृहस्पतिवार को पानी और सीवर कनेक्शनों को वैध कराने के उद्देश्य से नगर निगम फरीदाबाद द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल पांच स्थानों पर विशेष कैंप आयोजित किए गए। जिसमें 155 आवेदन प्राप्त हुए।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर निगम की एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा के देखरेख में आयोजित इन कैंपों का आयोजन नागरिकों को एक ही स्थान पर पानी एवं सीवर कनेक्शन से संबंधित समस्याओं के समाधान और वैधीकरण की सुविधा प्रदान करने के लिए किया गया है।
इसी क्रम में बृहस्पतिवार को कम्युनिटी सेंटर 33 फीट रोड संजय कॉलोनी एनआईटी जोन-3, रावल पब्लिक स्कूल फ्रेंड्स कॉलोनी, ब्लॉक कम्युनिटी सेंटर एनआईटी जोन-1, कम्युनिटी सेंटर अशोक नगर ओल्ड जोन-3, बौहरे धर्मशाला, न्यू बेसलवा कॉलोनी, पुरानी चुंगी में कैंपों का आयोजन किया गया।
कैंपों में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपने पानी और सीवर कनेक्शनों को नियमित कराने की प्रक्रिया पूरी की। निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मौके पर ही आवेदन स्वीकार कर आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। जॉइंट कमिश्नर ओल्ड फरीदाबाद राजेश कुमार ने कैंप का निरीक्षण भी किया।