ग्रेटर फरीदाबाद एडल डिवाइन सोसाइटी के निवासी बिजली की समस्या को लेकर कैंडल मार्च निकालते हुए ।
- फोटो : Faridabad
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर-76 स्थित एडल डिवाइन कोर्ट सोसाइटी में डेढ़ करोड़ रुपये बाकी होने पर बिजली काट दी गई थी, जिस पर रविवार की देर रात लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया। इस दौरान उन्होंने बिजली अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी भी की।
लोगों ने कहा कि बिल्डर ने डेढ़ करोड़ की राशि नहीं भरी। इसका खामियाजा सोसाइटी के लोगों को उठाना पड़ रहा है। बिजली निगम के अधिकारियों की तरफ से कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। एडल डिवाइन सोसाइटी में करीब 80 परिवार रहते हैं। साल 2012 में बिल्डर ने लोगों को कब्जा तो दे दिया, लेकिन सोसाइटी में निर्माण कार्य अभी 50 फीसदी ही पूरा हो पाया है। यहां एक फ्लैट की कीमत करीब 30 लाख रुपये है। ऊपर से सुविधा के नाम पर बिजली ही काट दी गई है।
सात घंटे चलता है जनरेटर
सोसाइटी के लोगों ने जनरेटर लगवाया है। जो रात में पांच घंटे और दिन में दो घंटे चलता है। इससे रात को सोने और दिन के कामकाज में थोड़ी राहत मिली है। उधर, लिफ्ट बंद होने से बीमार, बुजुर्गों और बच्चों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। स्थानीय निवासी मोहित गोयल ने बताया कि बिजली कनेक्शन जुड़वाने के लिए बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता नरेश कक्कड़ से मिले थे। उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर को भी शिकायत दी।
उन्होंने अधीक्षण अभियंता नरेश से फोन पर बात की थी। नरेश ने पहले पचास लाख रुपये का भुगतान करने के लिए कहा। साथ ही बताया कि एक सप्ताह में नई पॉलिसी आ जाएगी। उस पॉलिसी के तहत समस्या का समाधान किया जाएगा। इस बात को 10 दिन हो गए हैं, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। ग्रेटर फरीदाबाद बिजली निगम की कार्यकारी अभियंता उर्मिला ने कहा कि एडल डिवाइन सोसाइटी ने दो साल का बिल नहीं भरा था, इसलिए कनेक्शन काट दिया गया है। अब यह मामला उच्च अधिकारियों के पास है। वहीं से समाधान किया जाएगा।