फरीदाबाद। जिले में डेंगू का कहर जारी है। डेंगू के डंक से लोग बेहाल हैं। अस्पतालों में लोगों को बेड नहीं मिल रहे। वहीं सोमवार को भी स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के दो नए मामलों की पुष्टि है। इसके बाद कुल मरीजों की संख्या 124 पहुंच गई हैं।
डेंगू के लगातार बढ़ते मरीजों से स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों के हाथ-पांव फूलने लगे हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से एंटी लार्वा एक्टिविटी के तहत लगातार नोटिस देने की प्रक्रिया भी जारी है। अभी तक 3270 लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद डेंगू का प्रकोप कम नहीं हो रहा है।
जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। करीब दो माह से कोरोना मामलों की संख्या दो से तीन के बीच बनी हुई है। लेकिन, स्वास्थ्य विभाग के लिए परेशानी की बात यह है कि अब डेंगू, मलेरिया और वायरल बुखार का प्रकोप डराने लगा है। अस्पतालों की ओपीडी में बुखार के मरीजों की संख्या काफी बढ़ती जा रही है। अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की संख्या दो से तीन गुना तक हो गई है। खांसी, जुखाम और वायरल बुखार के रोजाना काफी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। हालांकि मलेरिया को लेकर स्थिति फिलहाल सुधरी हुई है। पिछले चार दिनों से जिले में मलेरिया का कोई नया मरीज नहीं मिला है। फरीदाबाद में अब तक मलेरिया के केवल नौ मरीज मिले हैं। वायरल मरीजों की संख्या बढ़ने से सरकार से लेकर निजी अस्पतालों तक सभी में बेड फुल है। निजी अस्पतालों में तो हालात इस कदर बिगड़े हैं यहां इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को भी आसानी से बेड उपलब्ध नहीं हो रहा है। इससे लोग काफी परेशान है।
बारिश के बाद वायरल बुखार के मरीज काफी बढ़ जाते हैं। जिले में डेंगू और मलेरिया के नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा एंटी लार्वा एक्टिविटी तेज कर दी गई है। जिले में 40 से अधिक टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लार्वा की जांच कर रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 3270 नोटिस जारी किया जा चुके हैं।
- डॉ. राम भगत, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी