फरीदाबादबीके नागरिक अस्पताल में बंद पड़ा अल्ट्रासाउंड कक्ष ।
- फोटो : Faridabad
फरीदाबाद। बीके नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए आने वाले मरीजों को निजी डायग्नोसिस सेंटर में भटकना पड़ रहा है। बीते कई दिनों से अल्ट्रासाउंड नहीं होने के कारण अब सरकारी अस्पताल से मरीज निजी केंद्रों का रुख करने को मजबूर हैं। इस कारण मरीज न सिर्फ निराश हैं बल्कि समय पर जांच के लिए निजी केंद्रों में आर्थिक मार भी झेल रहे हैं। अस्पताल में डॉक्टर न होने के कारण 12 मार्च तक जांच नहीं हो पाएगी।
बीके अस्पताल के सरकारी पर्चे पर डॉक्टर मरीजों को अल्ट्रासाउंड का परामर्श दे रहे हैं। वहीं, इस पर्चे को लेकर मरीजों को निजी केंद्रों में भटकना पड़ रहा है। इस कारण मरीजों को 800 से 1200 रुपये अल्ट्रासाउंड जांच के लिए खर्च करने पड़ रहे हैं। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने पहुंची तीन माह की गर्भवती मोना सिंह ने बताया कि उसे तीन दिन पहले की तारीख दी गई थी। वह जांच के लिए पहुंची तो कह दिया गया कि डॉक्टर नहीं हैं। ऐसे में वह शुक्रवार को फिर से जांच के लिए पहुंची। यहां अस्पताल कर्मियों ने नोटिस पढ़ने के लिए कह दिया। जहां लिखा था कि 12 मार्च तक अल्ट्रासाउंड नहीं हो सकते हैं। डॉक्टर फिलहाल जांच केंद्र में उपलब्ध नहीं हो सकते, वह प्रशिक्षण के लिए निदेशालय गए हैं। ऐसे में निजी केंद्र में जांच कराने का मन बनाया है। वहां 900 रुपये में जांच होगी।
पल्ला से जांच के लिए आई सुशीला देवी ने बताया कि उनके पेट में कई दिन से दर्द है। डॉक्टर ने किसी गांठ की आशंका जताई है। अल्ट्रासाउंड के बाद यह सुनिश्चित होगा कि समस्या क्या है। हालांकि नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड नहीं हो सका। अब निजी रूप से जांच के लिए पहुंचे तो 1200 रुपये मांगे। इतनी खर्च उठाने की क्षमता नहीं है। ऐसे में सरकारी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू होने तक इंतजार करेंगे।
--
डॉक्टर प्रशिक्षण पर हैं। उनकी पदोन्नति हो गई है। इसके बावजूद उनकी सेवाएं ली जा रही हैं। इन दिनों वह प्रशिक्षण पर हैं। नए डॉक्टर की नियुक्ति के लिए पत्राचार किया गया है। - डॉ. सविता यादव, प्रधान चिकित्सा अधिकारी