बीके अस्पताल की एक्स-रे मशीन खराब होने से मरीजों को हो रही है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर एक्स-रे मशीनें लगाई गईं हैं, लेकिन मरीजों को जानकारी नहीं होने की वजह से सुविधा का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। वहीं दूसरी और बीके अस्पताल में एक्स-रे मशीन खराब होने की वजह से मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। इसको लेकर प्रधान चिकित्सा अधिकारी की ओर से उच्च अधिकारियों को डी आर मशीन के लिए डिमांड भेजी हुई है।
गांव तिगांव स्थित स्वास्थ्य केंद्र और सेक्टर तीन स्थित प्रथम रेफरल यूनिट में मरीजों की सुविधा के लिए काफी समय पहले एक्स-रे मशीनें लगाई गईं थीं। दोनों जगहों पर रेडियोलॉजिस्ट की भी नियुक्ति की गई है, लेकिन मरीजों को जानकारी नहीं होने की वजह से सुविधा का फायदा नहीं उठा पा रहे है। तिगांव स्वास्थ्य केंद्र पर 200 मरीजों की ओपीडी होती है। जिसमें से सामान्य रोग विशेषज्ञ की ओर से मात्र 10 से 12 मरीज को एक्स-रे करवाने के लिए कहा जाता है। वहीं दूसरी ओर सेक्टर 3 स्थित एफआरयू में 200 से अधिक मरीजों की ओपीडी है लेकिन वहां पर सिर्फ दो से तीन मरीजों के ही एक्स-रे होते है। दोनों केंद्र पर हड्डी रोग विशेषज्ञ नहीं होने की वजह से मरीज इसका फायदा नहीं उठा पा रहे हैं।
बीके अस्पताल में मरीजों को होती है परेशानी
बीके अस्पताल में रोजाना दो हजार मरीज उपचार करवाने के लिए आते है। जिसमें से 200 से अधिक मरीजों के एक्स-रे किए जाते हैं, जिनमें ज्यादातर हड्डी फ्रैक्चर और फेफड़ों में संक्रमण के मामले होते हैं। पिछले 15 दिनों से एक्स-रे मशीन खराब होने की वजह से मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। अब मरीज बाहर निजी सेंटरों पर जाकर 200 से 500 रुपये में एक्स-रे करवा रहे हैं। प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतिंदर वशिष्ठ ने बताया कि उनकी ओर से डीआर मशीन के लिए डिमांड भेजी हुई है।