फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद मेट्रो स्टेशन के पास हाईवे पर बृहस्पतिवार को एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में दो वाहन आपस में भिड़ गए। इनमें से एक गाड़ी में देशी शराब की पेटियां भरी थीं। टक्कर लगते ही शराब की पेटियां सड़क पर जा गिरीं। इससे राहगीरों ने शराब की बोतलों को उठाकर गाड़ियों में भर लिया। घटना में तीन लोग मामूली घायल हो गए।
सेक्टर 16 चौकी में तैनात हवलदार मिंटू ने बताया कि सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे ओल्ड फरीदाबाद फ्लाईओवर से शराब से भरी पिकअप गाड़ी सेक्टर-ग्यारह के ठेके पर जा रही थी। उसके पीछे स्कूल का एक छात्र अपनी कार से आ रहा था। जैसे ही दोनों वाहन फ्लाईओवर से नीचे की तरफ आए, उसी समय एक बाइक सवार छात्र के सामने आ गया। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में छात्र की गाड़ी सामने चल रही पिकअप में जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि छात्र की कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और पिकअप का डाला खुल कर शराब की पेटियां सड़क पर जा गिरी। सड़क से गुजर रहे रहे लोगों ने कुछ देर तक घटना को देखा उसके बाद शराब की बोतलों को उठाकर ले जाना शुरू कर दिया। मामले की सूचना पाकर सेक्टर 16 चौकी से पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। तब तक काफी शराब को लोग ले जा चुके थे। इस घटना में छात्र व पिकअप सवार दो लोगों को मामूली चोट आई हैं। दोनों पक्षों में से किसी ने भी कोई शिकायत नहीं दी है।