- दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में कराया उपचार, कमर और पैरों पर बंदरों के झुंड ने काटा और नोंचा
- छह माह में लोगों पर बंदरों के हमले के 10 से अधिक हुए मामले, बंदरों के उत्पात से लोगों के बीच भय
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-49 स्थित सैनिक कॉलोनी में बुधवार शाम घर के बाहर टहल रहे 45 वर्षीय अर्जुन सिंह बेदी पर बंदरों ने हमला कर दिया। हमले में बंदरों ने उन्हें पैरों और कमर पर कई स्थानों पर काटा और नोंचा।
अर्जुन सिंह बेदी की पत्नी निशा बेदी ने बताया कि उनके पति बुधवार शाम को टहलने के लिए घर से बाहर निकले। इसी बीच उनपर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। 2016 में लकवाग्रस्त होने के चलते उनको दाहिने पैर से चलने में परेशानी होती है। बंदरों के हमले से वह स्वयं को बचा भी नहीं पाए। बंदरों के झुंड ने उन्हें पैरों और कमर पर तीन से चार जगह से काटा और नोंचा। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बंदरों के झुंड को भगाकर उन्हें बचाया। परिजन ने उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। महिला ने बताया कि इससे पहले उनके तीन साल की बच्ची और ससुर पर भी बंदर हमला कर चुके हैं। महिला ने जिला उपायुक्त विक्रम सिंह और नगर निगम आयुक्त ए मोना श्रीवास्तव को ई मेल के माध्यम से शिकायत की है। इसके अलावा सेक्टर 29, संजय कॉलोनी, सेक्टर-31, सेक्टर-37, सराय ख्वाजा, सेक्टर-28, 19, पल्ला, सेहतपुर, ओल्ड फरीदाबाद और ग्रेटर फरीदाबाद सहित सहित अन्य हिस्सों के लोग परेशान हैं।
बंदरों के हमले के कुछ आंकड़े
28 मार्च को गांव मच्छगर में स्कूल जा रही 15 साल की छात्रा पर बंदरों ने हमला कर दिया। इस दौरान छात्रा के पैर पर काफी गंभीर चोट आई है। 16 फरवरी को डबुआ कॉलोनी में छत पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया, महिला जल्दबाजी में भागी और सीढ़ियों से फिसलकर नीचे गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आई थी।
10 अगस्त को ओल्ड फरीदाबाद बसेलवा कॉलोनी में बंदर की घुड़की से डरकर रास्ते में गिरे आठ साल के बच्चे की मौत हो गई थी, कुछ समय पहले बंदर ने बच्चे को काटा था, जिसके पश्चात वह ठीक हो गया था।
14 सितंबर 2023 को ग्रेटर फरीदाबाद स्थित रॉयल हेरिटेज सोसाइटी में पार्क के समीप 5वीं कक्षा की छात्रा पर बंदरों ने हमला कर दिया, लोगों ने बच्ची को बंदरों से झुंड से बचाया
-
टेंडर दिया गया है, कल से बंदरों को पकड़ने का काम किया जाएगा। शहर के लोग इस नंबर 9416290429 पर फोन करके शिकायत कर सकते हैं। जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।
- गौरव अंतिल, अतिरिक्त आयुक्त, नगर निगम