पंचायत में लिया फैसला, सोमवार को उपायुक्त को देंगे ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सरकार की ओर से सुनपेड़ गांव की पंचायती भूमि पर नई पुलिस लाइन बनाने की योजना को स्वीकृति मिलने के बाद ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। शुक्रवार को गांव की वाटिका में पुलिस लाइन के विरोध में पंचायत आयोजित की गई। पंचायत की अध्यक्षता मास्टर राम सिंह ने की। ग्रामीणों ने कहा कि वे पुलिस या प्रशासन के विरोध में नहीं हैं, लेकिन गांव की बेशकीमती पंचायती भूमि पर पुलिस लाइन बनाने के पक्ष में नहीं हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायती भूमि पर ऐसा संस्थान बनाया जाना चाहिए, जिसका लाभ सुनपेड़ के साथ आसपास के गांवों के लोगों को भी मिल सके। उन्होंने सरकार से यहां बड़ा अस्पताल, विश्वविद्यालय या स्टेडियम बनाने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार अस्पताल बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी, विश्वविद्यालय बनने से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और अनुसंधान का अवसर मिलेगा, जबकि स्टेडियम बनने से खिलाड़ियों को अभ्यास की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
पंचायत में पूर्व सरपंच राजेश रावत, बलमत ने बताया कि सोमवार को गांव की ओर से उपायुक्त को ज्ञापन दिया जाएगा। इसके बावजूद निर्माण की प्रक्रिया नहीं रोकी गई तो ग्रामीण हाईकोर्ट का रुख कर स्थगनादेश लेने की मांग करेंगे।
वहीं सरपंच गजेंद्र रावत का कहना है कि जो पैसा आएगा उसको गांव के विकास में लगाया जाएगा। गांव में उच्च शिक्षा के लिए एक हाई स्कूल बनाया जाएगा। साथ ही बच्चों को खेलने के लिए स्टेडियम भी बनाया जाएगा।