फरीदाबाद। धनतेरस और छोटी दिवाली पर बाजारों में खूब धनवर्षा हुई। व्यापारी संगठनों ने करीब 150 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया है। शुक्रवार को बाजार में अन्य दिनों की तुलना में 70 फीसदी अधिक बिक्री हुई। इस दौरान कई सामानों का स्टॉक शाम से पहले ही खत्म हो गया। इसमें चांदी के 10 ग्राम के सिक्के, लक्ष्मी-गणेश, आर्टिफिशियल फूल और सजावट के सामान शामिल रहे।
कोरोना महामारी से उभरे कारोबारियों ने त्योहार को देखते हुए दुकानें शुक्रवार सुबह आठ बजे ही खोल ली थीं। धीरे-धीरे ग्राहकों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। ओल्ड फरीदाबाद, सराय ख्वाजा, डबुआ कॉलोनी, एसजीएम नगर, एनआईटी नंबर-1, 2 और 5, सेक्टर-15, सेक्टर-8 व बल्लभगढ़ आदि बाजारों में सुबह से देर रात तक खरीदारी हुई। रियल एस्टेट, ऑटो, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, सराफा, बर्तन और पूजा-पाठ सामग्री की खूब बिक्री हुई। इस मौके पर बाजारों में दुकानों को बड़े ही आकर्षक ढंग से सजाया गया था। भीड़ की वजह से बाजारों में लोगों का निकलना मुश्किल हो गया।
शॉपिंग मॉल में रही भीड़
दिल्ली-मथुरा रोड पर 6 बड़े शॉपिंग मॉल हैं। यहां ज्वैलरी, गिफ्ट आइटम, इलेक्ट्रॉनिक आइटम, कपड़े आदि की बिक्री हुई। लोगों ने चांदी के सिक्के, पूजा की थाली, गणेश और लक्ष्मी की मूर्ति को अधिक पसंद किया गया। क्राउन प्लाजा मॉल में खरीदारी कर रही निशा विग ने कहा कि चांदी-सोने का आइटम खरीदना शुभ माना जाता है। इसलिए खरीदारी के लिए आई हूं।
रियल स्टेट गुलजार, लोगों ने कराई बुकिंग
मंदी से जूझ रहा रियल स्टेट सेक्टर भी गुलजार हो उठा। लोगों ने प्लॉट, फ्लैट आदि की बुकिंग कराई। प्रॉपर्टी डीलर गिरधारी शर्मा ने बताया कि अभी फिलहाल रियल एस्टेट सेक्टर में तेजी आई है। उम्मीद है आगे और बेहतर होगा। मौजूदा समय में इकनॉमिकल फ्लैट की मांग अधिक है। दो से तीन कमरों वाले फ्लैट में लोगों ने अधिक दिलचस्पी दिखाई। इस सेक्टर में 10 से 15 करोड़ रुपये के बीच कारोबार का अनुमान है।
वाहन शोरूम में हुई जमकर बिक्री
ऑटोमोबाइल बाजार इस बार पहले नवरात्र के साथ ही गुलजार रहा। नवरात्रों के दौरान कार, मोटरसाइकिल व स्कूटी की जमकर बिक्री हुई। वहीं धनतेरस व छोटी दिवाली पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। इस बार टोयोटा, मारुति, टाटा व ह्यूंडई जैसी कार कंपनियों ने त्योहारी सीजन को देखते हुए कारों के कई नए मॉडल लांच किए थे। नए मॉडल के साथ ही पुराने मॉडल की भी मांग बनी रही। इस महीने में पिछले साल जहां करीब 120 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। इस बार करीब 145 करोड़ रुपये तक होने की उम्मीद है।