नालियों की सफाई की वार्डवार निगरानी शुरू, हर बड़े अधिकारी को एक वार्ड, एसडीओ को दो वार्डों की जिम्मेदारी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने अधिकारियों की जवाबदेही तय कर दी है। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर प्रत्येक जॉइंट कमिश्नर, एडिशनल कमिश्नर और कार्यकारी अभियंता को एक-एक वार्ड तथा सभी एसडीओ को दो-दो वार्डों के निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर सीवर, नालियों, नालों और स्टॉर्म वाटर लाइनों की सफाई कार्य का नियमित निरीक्षण कर समय पर कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम का मानना है कि प्रत्येक अधिकारी को निश्चित वार्ड की जिम्मेदारी मिलने से सफाई कार्य की नियमित निगरानी होगी और लापरवाही की गुंजाइश कम रहेगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मौके पर पहुंचकर सफाई कार्य की गुणवत्ता जांचें और जहां कमी मिले, उसे तुरंत दूर कराएं।
सेक्टर-7 और 8 में अधिकारियों ने किया निरीक्षण
निर्देशों के बाद ओल्ड जोन के जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार और कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार ने वार्ड-39 के सेक्टर-7 और सेक्टर-8 में स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बाटा चौक के पास बनाए जा रहे नाले के निर्माण और सफाई कार्य का भी जायजा लिया तथा संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष फोकस
कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि हनुमान मंदिर और संत सूरदास पार्क के आसपास बरसात के दौरान लंबे समय से जलभराव की शिकायतें मिलती रही हैं। इसे देखते हुए सुपर सकर मशीनों से स्टॉर्म वाटर लाइन की व्यापक सफाई कराई जा रही है। साथ ही कैमरों के माध्यम से लाइन के अंदर की रिकॉर्डिंग कर यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि सफाई कार्य पूरी तरह प्रभावी ढंग से हुआ है। स्टॉर्म वाटर लाइन में जमा सिल्ट, कचरा और अन्य अवरोधों को तेजी से हटाया जा रहा है ताकि बारिश का पानी बिना रुकावट निकल सके और लोगों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।
तिगांव रोड के नाले की भी हुई जांच
कार्यकारी अभियंता डालचंद शर्मा ने बल्लभगढ़-तिगांव रोड स्थित नाले की सफाई कार्य का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।