फरीदाबाद। मंगलवार को जिले में 60 से अधिक सरकारी केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। इस दौरान निजी केंद्रों पर भी टीकाकरण की सुविधा रही। हालांकि लोगों का रुझान सरकारी केंद्रों पर मिली सुविधाओं ने ज्यादा खींचा। कुल 19285 लोगों ने टीकाकरण कराया। इसमें 17 हजार से अधिक लोगों ने सरकारी केंद्रों पर वैक्सीनेशन कराया।
जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण अभियान को लगातार रफ्तार दी जा रही है। मंगलवार को टीकाकरण के लिए कुल 61 केंद्रों पर सुविधा मिली। इसमें से 53 सरकारी व आठ निजी केंद्र रहे।
टीकाकरण के नोडल अधिकारी डॉ. मान सिंह ने बताया कि मंगलवार को 19285 लोगों को कोरोना बचाव का टीका लगवाया। इनमें से 12572 लोगों को टीके की पहली व 7713 को दूसरी डोज लगवाई गई। उन्होंने बताया कि 18 से 44 वर्ष तक के 9846 लोगों ने टीके की पहली व 4716 लोगों ने टीके की दूसरी डोज लगवाई।
वहीं, 45 से 60 वर्ष तक के 2428 लोगों ने टीके की पहली व 1765 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई। वहीं, 60 वर्ष से अधिक उम्र के 298 बुजुर्गों ने टीके की पहली व 232 लोगों ने टीके की दूसरी डोज लगवाई। बुधवार को 46 सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा।