यात्रियों को ऑटो और ई-रिक्शा के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ओल्ड रेलवे स्टेशन पर देर रात ट्रेन से पहुंचने वाले यात्रियों को घर जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रात करीब 11 बजे के बाद जैसे ही ट्रेनें स्टेशन पर पहुंचती हैं, बाहर निकलते ही यात्रियों को ऑटो और ई-रिक्शा के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। कई बार यात्रियों को 30 मिनट से लेकर एक घंटे तक का इंतजार करना पड़ता है।
रात के समय स्टेशन का माहौल दिन की तुलना में पूरी तरह बदल जाता है। दिन में जहां बाहर ऑटो की कतारें लगी रहती है, वहीं रात में केवल सीमित संख्या में ही ऑटो और ई-रिक्शा उपलब्ध होते हैं। इस वजह से ओल्ड रेलवे स्टेशन से दूर-दराज क्षेत्रों और आसपास की कॉलोनियों की ओर जाने वाले यात्रियों को ज्यादा परेशानी होती है।
यात्री प्रदीप ने बताया कि कम वाहनों की उपलब्धता का फायदा कुछ ऑटो और ई-रिक्शा चालक उठाते हैं। दिन के समय जो सफर 60-70 रुपये में पूरा हो जाता है, वहीं रात के समय 150 से 200 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। कई चालक तय किराये के बजाय सीधे मनमाना किराया मांगते हैं। इस स्थिति में यात्रियों और चालकों के बीच कई बार बहस की नौबत भी आ जाती है, लेकिन मजबूरी में यात्रियों को ज्यादा पैसे देकर ही घर जाना पड़ता है।
वहीं एक अन्य महिला यात्री ने बताया कि देर रात उन्हें लगभग 40 मिनट तक वाहन का इंतजार करना पड़ा। यह स्थिति महिलाओं के लिए असहज है। कोई दूसरा विकल्प न होने के कारण उन्हें दोगुना किराया देकर घर जाना पड़ा। रात के समय कोई अन्य सार्वजनिक साधन उपलब्ध नहीं होता।
रात में स्टेशन से इन जगहों के लिए नहीं मिलते वाहन
धौज, तिगांव ,नचौली, ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर , सूरजकुंड स्थिति सोसाइटियां, सोहना, सेक्टर- 58, 59, सीही गांव और सेक्टर-24, 25 के लिए रात में वाहन नहीं मिलते हैं।