संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-9 और 10 की डिवाइडिंग रोड के किनारे पिछले करीब एक वर्ष से पड़े बड़े पाइपों को हटाने के लिए नगर निगम ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। महापौर प्रवीण बत्रा जोशी की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई शिविर में स्थानीय निवासियों और पार्षद मुकेश अग्रवाल ने यह मुद्दा उठाया था, जिसके बाद निगम प्रशासन हरकत में आया।
शिकायत में बताया गया कि ठेकेदार द्वारा कार्य पूरा होने के बावजूद बचे हुए पाइप सड़क किनारे छोड़ दिए गए थे। कई बार शिकायत करने के बावजूद इन्हें नहीं हटाया गया, जिससे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और सड़क चौड़ीकरण के प्रस्तावित कार्य में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को उसी दिन पाइप हटाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि तुरंत कार्रवाई नहीं की गई तो ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।