- शनिवार को इनेलो और बसपा प्रत्याशी करेंगे नामांकन, भाजपा प्रत्याशी सोमवार को दाखिल करेंगे पर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। चौथे दिन बृहस्पतिवार को किसी भी प्रत्याशी ने लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन नहीं कराया। सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय बृहस्पतिवार को सूना रहा और सामान्य तौर पर कोई भी राजनीतिक गतिविधि नहीं दिखाई दी। इस दौरान किसी भी प्रत्याशी की ओर से कोई भी फार्म भी नहीं खरीदा गया।
29 अप्रैल से लोकसभा चुनावों की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शुरू के दो दिनों में 29 और 30 अप्रैल को लगभग 18 प्रत्याशियों ने फार्म खरीदे थे। इस दौरान किसी भी निर्दलीय या पार्टी के प्रत्याशी ने नामांकन नहीं कराया था। बुधवार को तीसरे दिन लघु सचिवालय पर कुछ राजनीतिक रौनक दिखाई दी जब जजपा प्रत्याशी नलिन हुड्डा समेत एक निर्दलीय प्रत्याशी और एक अन्य पार्टी के प्रत्याशी ने नामांकन कराया था। इसके बाद चौथे दिन लघु सचिवालय पर कोर्ट रूम में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा। जिला निर्वाचन अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि इस दिन एक भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया।
आज नामांकन करेंगे कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र प्रताप सिंह
लघु सचिवालय पर शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र प्रताप सिंह नामांकन करेंगे। हालांकि, इस दौरान कांग्रेस पार्टी से प्रदेश या राष्ट्रीय स्तर पर कोई बड़ा चेहरा मौजूद नहीं होगा। वहीं, शनिवार को बसपा प्रत्याशी किशन ठाकुर और इनेलो प्रत्याशी सुनील तेवतिया लघु सचिवालय में लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन करेंगे। रविवार को छुट्टी के दिन नामांकन नहीं होगा। सोमवार को छह मई को अंतिम दिन भाजपा प्रत्याशी कृष्णपाल गुर्जर नामांकन करेंगे। इस दौरान राष्ट्रीय स्तर के किसी नेता के नामांकन में मौजूद रहने की संभावना है।