फरीदाबाद। बीकॉम अंतिम वर्ष की छात्रा निकिता तोमर हत्याकांड के दोषी तोसीफ के अधिवक्ता अनीस खान की सुरक्षा को लेकर अदालत ने मंगलवार को निर्देश जारी किए हैं। साल 2020 में हुए हत्याकांड के बाद तोसीफ की पैरवी करने पर अधिवक्ता अनीस को सोशल मीडिया पर धमकियां दी गई थीं। अधिवक्ता ने अदालत से सुरक्षा को लेकर अर्जी लगाई थी। उस समय अदालत ने पुलिस आयुक्त को निर्देश दिए थे कि अधिवक्ता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
सेक्टर सात थाना प्रभारी ने खुद इसकी कमान संभाली थी। हत्या मामले में अदालत ने तोसीफ और उसके साथी रेहान को उम्रकैद की सजा सुना दी है। साल 2018 में हुए अपहरण का मामला अभी अदालत में विचाराधीन है। इसके चलते अदालत ने मंगलवार को सुरक्षा संबंधी पुरानी अपील को बंद करते हुए निर्देश दिए हैं कि अपहरण केस चलने तक अधिवक्ता अनीस खान की सुरक्षा को लेकर गंभीरता दिखाई जाए। किसी भी तरह की समस्या होने पर कानूनी कार्रवाई तुरंत अमल में लाई जाए।