फरीदाबाद। बिजली विभाग की विजिलेंस टीम ने सोमवार को बाईपास रोड स्थित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निर्माण कर रहे एक ठेकेदार के यहां छापा मारा। इस दौरान टीम ने बालाजी ठेकेदार को बिजली चोरी करते पकड़ा। टीम ने तुरंत कनेक्शन काट दिया और लोड का आकलन कर ठेकेदार पर करीब आठ लाख रुपये का जुर्माना ठोंका।
बाईपास रोड पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे का निर्माण किया जा रहा है। बिजली विभाग की विजिलेंस टीम को स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि करीब तीन माह से ठेकेदार आईपी कॉलोनी के गेट नंबर-3 के पास रखे ट्रांसफार्मर से डायरेक्ट कनेक्शन जोड़कर बिजली चोरी कर रहा है। सूचना के आधार पर विजिलेंस एसडीओ शिप्रा गौतम और हेमंत शर्मा सहित अन्य कर्मचारियों की एक टीम गठित गई है। विजिलेंस की टीम कॉलोनी में सुबह 11 बजे पहुंची। जांच के दौरान पाया कि चोरी की बिजली से यहां मजदूरों के लिए बनाए गए घरों में बिजली दी जा रही है, मशीनें चलाई जा रही हैं। मौके पर 13 किलोवाट के लोड का आकलन किया गया। ठेकेदार पर लगभग आठ लाख का जुर्माना लगाया गया है।