- मूवी के पोस्टर फाड़े, तोड़फोड़ की,उपद्रवियों के सामने पुलिस बनी मूकदर्शक
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बहुचर्चित फिल्म पठान के रिलीज होने के साथ विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। बुधवार को दर्जनों बजरंग दल के कार्यकर्ता ने सराय ख्वाजा स्थित आईनॉक्स सिनेमा में घुस कर मूवी के पोस्टर फाड़ते हुए तोड़फोड़ की। सभी शो जबरन बंद करा दिए गए। वहां मौजूद पुलिसकर्मी उपद्रवियों के सामने मूकदर्शक बनकर खड़े रहे। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक लोगों को दबोच लिया। पुलिस की तरफ से कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सराय ख्वाजा क्राउन इंटीरियर मॉल स्थित आईनाॅक्स सिनेमा में पठान मूवी का सुबह का शो हाउस फुल रहा, लेकिन दोपहर के शो के दौरान दर्जन भर से अधिक बजरंग दल के कार्यकर्ता राष्ट्रीय राजमार्ग पर विरोध प्रदर्शन करने के बाद जबरन सिनेमा में घुस गए और नारेबाजी शुरू कर दी। उनके हाथ में डंडे भी थे। अंदर घुसते ही पोस्टर फाड़ते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। इससे वहां मौजूद स्टाफ और दर्शकों में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। हालांकि शो के दौरान किसी भी प्रकार के उपद्रव को रोकने के लिए वहां दो तीन पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे लेकिन मूकदर्शक बने रहे। इस दौरान बजरंग दल के लोगों ने शो को भी जबरन बंद करा दिया। उपद्रवियों ने जय श्रीराम के नारे लगाए। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी संचालक पठान मूवी को चलाएगा,उसकी खैर नहीं।
एक शो से करीब 3.5 लाख रुपये के कलेक्शन की उम्मीद
औद्योगिक नगरी में करीब आठ मॉल मल्टीप्लेक्स है। एक पीवीआर में पठान मूवी के चार शो है। सभी हाउसफुल चल रहे हैं। कई में एक्वांस बुकिंग चल रही है। केवल आईनॉक्स की बात करें तो पहला शो सुबह 7:35 का और अंतिम शो रात 11:45 का है। एक दिन के शो से पीवीआर संचालक को करीब 3.57 लाख रुपये कलेक्शन होने की उम्मीद है। यदि किसी कारणवश शो रद्द होता है या चलता नहीं तो करीब 90 हजार रुपये का नुकसान होने की संभावना है। इस संबंध में आईनॉक्स प्रबंधक से फोन पर संपर्क किया गया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सकता है। हालांकि मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने हजारों रुपये के नुकसान की बात कही है। दोपहर बाद पुलिस की मौजूदगी में अन्य शो चलाए गए लेकिन कर्मचारियों में भय का माहौल बरकरार रहा।
अन्य मॉलों पर बढ़ाई सुरक्षा-
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के विरोध को देखते हुए पुलिस ने दोपहर बाद ही सभी सिनेमा हालों के बाहर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी। साथ ही मॉल के अंदर भी पुलिस की तैनात की गई है। पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ ने सभी डीसीपी को इसे लेकर पूरी सतर्कता बरतने को कहा है।
वर्जन
पुलिस की तरफ से उपद्रव करने वाले आठ से 10 लोगों को राउंडअप किया गया है। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। - सूबे सिंह, पुलिस प्रवक्ता