जिले की आनंदिता उपाध्याय ने लॉन टेनिस प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक
गौरव मिश्रा
फरीदाबाद। सेक्टर-75 स्थित टेरा लविनियम सोसाइटी की रहने वाली आनंदिता उपाध्याय ने चीन में चल रही लॉन टेनिस की अंडर-16 प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक पर कब्जा किया है। 24 खिलाड़ियों की इस प्रतियोगिता में आनंदिता ने लगातार 6 मुकाबले जीतकर स्वर्ण पदक के साथ इसी साल अक्टूबर में जापान में होने वाले रोलैंड-गैरोस जूनियर सीरीज के लिए भी अपना स्थान पक्का कर लिया।
प्रतियोगिता में आनंदिता ने फिलीपींस, हांग-कांग और इंडोनेशिया की खिलाड़ियों के खिलाफ शुरुआती पांच मुकाबले बेहद आसानी से जीतते हुए फाइनल में जगह पक्की की । इनमें फिलीपींस के खिलाफ 6-1, 6-0, हांग-कांग के खिलाफ 6-0, 6-0 की जीत भी शामिल रहीं। वहीं फाइनल में उनका सामना बीते दिन चीन की वांग सीकीं से हुआ। जहां पर रोमांचक मुकाबले में आनंदिता ने विरोधी खिलाड़ी को 6-1, 4-6 और 6-4 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।
जीत के बाद अपने माता-पिता से फोन पर बात करते हुए आनंदिता ने बताया कि बेहद खुशी हो रही देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर। उन्होंने कहा शुरुआती मुकाबलों में आसानी से जीत मिल गई थी पर फाइनल में चीन के खिलाफ रोमांचक मुकाबला थोड़ा सा दबाव भरा था, लेकिन अंत में जीत के साथ बहुत खुश हूं। आनंदिता के पिता आनंद उपाध्याय और मां साधना उपाध्याय ने कहा कि वह जब महज 6 साल की थी तब से ही टेनिस खेल रहीं है ।