फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत गांव फतेहपुर चंदीला को अब नगर निगम स्मार्ट बनाएगा। इसके लिए स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा काम सौंप दिया गया है। इसके तहत गांव में सीवर लाइन डालना, स्मार्ट स्ट्रीट आदि का काम किया जाएगा। इस योजना को एक साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस पर करीब 2.5 करोड़ रुपये लागत आएगी।
जिले में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत मुंबई की तर्ज पर संत नगर स्लम और गांव फतेहपुर चंदीला को स्मार्ट बनाया जाना है। इसके लिए गांव में सुंदर सड़कें, स्मार्ट सोलर स्ट्रीट लाइटें, चौपाल, सीवर लाइन डाली जाएगी जिससे बारिश के दिनों में लोगों को जलभराव की समस्या से नहीं जूझना पड़े। स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से संत नगर में विकास कार्य करने का ठेका पीपीएस बिल्डर को दिया गया है जबकि फतेहपुर चंदीला का कार्य एक अन्य बिल्डर को सौंपा गया था। काम में लापरवाही बरतने पर स्मार्ट सिटी ने इसका काम अब नगर निगम को सौंपा है।
एक साल में पूरा करना होगा प्रोजेक्ट
स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम की माली हालत सुधारने के लिए फतेहपुर चंदीला को स्मार्ट बनाने का जिम्मा नगर निगम को सौंपा गया। नगर निगम द्वारा गांव में सीवर लाइन डाली जाएगी। नए सिरे से चौपाल का निर्माण किया जाएगा, सीवर लाइन डाली जाएगी। गांव में ऑटोमैटिक सोलर आधारित स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। यह प्रोजेक्ट निगम को एक साल में पूरा करन है। इसके दौरान निगम के काम पर बारीकी से नजर रखी जाएगी। जिससे कोई गड़बड़ी न हो सके। इस प्रोजेक्ट के लिए निगम को ढाई करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा। यदि काम तय समय पर पूरा और अच्छा किया तो कुछ और प्रोजेक्ट निगम को दिए जा सकते हैं।
गांव फतेहपुर चंदीला में विकास कार्य कराने की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपी गई है। इसके लिए करीब ढाई करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा। संत नगर स्लम का कार्य पुराना ठेकेदार ही पूरा करेगा।
- डॉ. गरिमा मित्तल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, स्मार्ट सिटी लिमिटेड