संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पल्ला थाना इलाके के अजय नगर में रंजिश के चलते मां-बेटे ने एक महिला को जमकर पीटा। आसपास की महिलाओं ने किसी तरह पीड़िता को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपियों ने पीड़िता के घर में आग लगाने की भी धमकी दी। पुलिस ने आरोपी मां-बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पीड़िता सुषमा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह करीब आठ साल से परिवार के साथ अजय नगर में रहती है। उनके पड़ोस में रेणु, कविता व पूनम भी रहती हैं। आरोप है कि पूनम झगड़ालू प्रवृत्ति की महिला है। वह सभी से किसी न किसी बात पर रंजिश रखती है। वह उनके बाहरी होने पर भी आपत्ति जताती है। बुधवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे सुषमा, कविता और रेणु सब्जी खरीदने बाजार जा रही थी। रास्ते में पूनम पहले से एक मेडिकल स्टोर पर खड़ी थी। आरोप है कि पूनम ने बिना किसी कारण सुषमा के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर पूनम ने मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह कविता व रेणु ने दोनों को अलग करवाया और इलाज के बाद घर पहुंचाया। घर जाने के बाद पूनम अपने बेटे गोपाल के साथ घर के बाहर आ गई और गाली-गलौज करने लगी। बाहर नहीं आने पर गोपाल ने सुषमा के घर में आग लगाने की धमकी दी। पुलिस न आरोपी मां-बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।