- बारिश के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क, 49 टीमें कर रहीं जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बारिश से जिले में डेंगू-मलेरिया का खतरा बढ़ गया है। जगह-जगह जल जमा होने से मच्छर तेजी से पनप रहे हैं। निगम की टीम ने लार्वा मिलने पर 180 लोगों को नोटिस जारी किया है। विभाग की 49 टीमें घरों, कार्यालयों व कंपनियों की जांच कर रही हैं।
पिछले सप्ताह से शहर में एक-दो दिन के अंतराल पर बारिश होने से मच्छर पनपने का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग की ओर से आगामी 4-5 दिनों तक बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के बाद गड्ढों व खाली प्लाॅटों में हुए जलभराव से मच्छर जनित रोगों के फैलने का अंदेशा बढ़ गया है। इस वर्ष अभी तक कोई मरीज सामने नहीं आया है। बीके अस्पताल के डॉ. योगेश गुप्ता ने बताया कि बारिश के बाद सावधानी बेहद जरूरी है। इस समय डेंगू और मलेरिया के मरीज बढ़ने की संभावना बढ़ जाती है। किसी व्यक्ति को संक्रमित मच्छर के काटे जाने के बाद 4-7 दिनों में बुखार के साथ लक्षण शुरू होते हैं। डेंगू के आम लक्षणों में तेज बुखार मांसपेशियों और जोड़ों में गंभीर दर्द, सिर दर्द, छाती, पीठ या पेट पर लाल चकत्ते होना, आंखों के पीछे दर्द, उल्टी, दस्त की समस्या शामिल है।
बारिश के बाद सक्रिय हुई टीम, 180 लोगों को नोटिस
मच्छरों को पनपने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की 49 टीमें एक जून से ही घर-घर जाकर लार्वा रोधी अभियान चला रही हैं। यह टीम शहर के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचकर लोगों को बीमारी से बचाव और मच्छर पनपने से रोकने के तरीकों के विषय में जानकारी दे रही है। इसके अलावा लोगों को नोटिस भी दिया जा रहा है। टीमों को जांच के दौरान 180 जगहों पर मच्छर का लार्वा मिला। ऐसे लोगों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से नोटिस दिया गया है। नवंबर तक विभाग की कार्रवाई जारी रहेगी, जून से नवंबर तक सबसे ज्यादा संक्रमण का खतरा रहता है।
अब तक कितने केस मिले
वर्ष मलेरिया डेंगू ब्लड स्लाइड
2020 09 32 54,912
2021 347 09 71, 509
2022 03 13 2,61,394
2023 00 00 64,343