फरीदाबाद। बारिश से शहर के तापमान में गिरावट आई है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि आने वाले दिनों में बढ़ने की संभावनाएं हैं। बदलते मौसम में डॉक्टरों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। पिछले कुछ दिनों से लोग भीषण गर्मी का सितम झेल रहे थे।
लू के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। मौसम वैज्ञानिक महेश पहलावत के अनुसार तीन साल बाद 24 मई के दिन शहर में सबसे कम तापमान देखने को मिला। उन्होंने बताया कि 24 मई वर्ष 2021 को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था और उससे पहले 24 मई 2019 को 33 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। तापमान में आई गिरावट की वजह दो दिन लगातार हुई बारिश है। पिछले तीन दिनों के दौरान ही तापमान में लगभग 13 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को फरीदाबाद का अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो मंगलवार को घटकर 34 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।