फरीदाबाद। जिला उपायुक्त जितेंद्र यादव ने मंगलवार को चार अफगानिस्तान के नागरिकों को भारतीय नागरिकता प्रदान की है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि देश हित में बेहतर कार्य करें।
उन्होंने अफगानिस्तान के जतिंदर सिंह, साक्षी कौर, स्नेह कौर और गिरीश सिंह को भारतीय नागरिकता प्रदान की है। चारों भाई-बहनों ने बताया कि वे जन्म से परिवार के साथ भारत के हरियाणा प्रांत के फरीदाबाद में रह रहे हैं। उन्होंने गृह मंत्रालय में भारतीय नागरिकता प्राप्त करने के लिए आवेदन दिया था। उस आवेदन को मंगलवार को उपायुक्त ने मूर्त रूप देकर भारतीय नागरिकता प्रदान की है। अफगानिस्तान निवासी नमिंद्र नाथ ने बताया कि अफगानिस्तान से साल 1987-1988 में भारत आए थे।
परिवार में पत्नी शतीला उर्फ पूनम, बेटा जतिंद्र सिंह, बेटी साक्षी कौर, स्नेहा कौर, बेटा गिरीश सिंह का जन्म भी फरीदाबाद में ही हुआ था। नमिंद्र और उनकी पत्नी को दिल्ली से 2008 में नागरिकता मिली थी। फिलहाल फरीदाबाद के सैनिक कॉलोनी में रह रहे हैं।