इंसाफ चाहिए के नारे लगाए, सरकार से आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर डॉक्टरों व छात्रों ने मार्च निकाला। इस मौके पर सभी ने बैनर लेकर इंसाफ चाहिए के नारे लगाए। सरकार से आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सभी ने आतंकवादी हमले में जान गंवाने वाले सभी नागरिकों की आत्मा की शांति को लेकर कामना की। सभी ने ऐसी हिंसक गतिविधियों के खिलाफ अपनी एकजुटता और संकल्प को प्रदर्शित किया। मार्च के दौरान अस्पताल में डॉक्टरों, छात्रों व अन्य स्टाफ ने आतंकी हमले पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे कायरतापूर्ण कृत्य करार दिया। इसके अलावा पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
एमबीबीएस के छात्रा वंदना ने कहा कि पहलगाम में लोगों को बिना किसी दोष के बेरहमी से मारा गया यह बिल्कुल गलत है। हम सभी मार्च निकालकर घटना के प्रति अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। इसके अलावा सरकार से अपील है कि वो आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
विक्रम सिंह ने कहा कि मार्च निकालकर हम अपना विरोध प्रकट कर रहे हैं। इसके साथ ही देश में ऐसी घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए। धर्म पूछकर लोगों को गोली मारी गई है। यह बिल्कुल निंदनीय है। हम इसका विरोध करते हैं।
सौरभ वर्मा ने कहा कि भारत के सभी लोग एक साथ है। हम पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं और उन परिवारों के लिए सरकार से इंसाफ की मांग करते हैं।