फरीदाबाद। सेक्टर-12 कोर्ट मोड़ स्थित चंचला फूड होटल में कर्मचारी पर पिस्टल तानकर हत्या के प्रयास और मारपीट के मामले में वाछिंत चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम की ओर से गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव मच्छगर निवासी रोहित के रूप में हुई है। आरोपी वारदात के बाद से भागा चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस के अनुसार 20 मई को सेक्टर-12 कोर्ट मोड़ स्थित चंचला फूड होटल में रोहित ने अपने साथियों संदीप उर्फ चेंटा और केशव के साथ मिलकर होटल कर्मचारी के साथ मारपीट की थी। आरोप है कि आरोपियों ने कर्मचारी पर पिस्टल तानकर हत्या का प्रयास किया था। मामले में आरोपी केशव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी संदीप उर्फ चेंटा को 21 मई की रात थाना छांयसा क्षेत्र में गांव फज्जूपुर के पास पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। अपराध शाखा के सहायक पुलिस आयुक्त वरुण कुमार दहिया ने बताया कि आरोपी रोहित लंबे समय से क्षेत्र में लड़ाई-झगड़े और आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह क्षेत्र में मौजूद है, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे देर शाम गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उससे वारदात में इस्तेमाल हथियार, अन्य साथियों और पूरे गैंग की गतिविधियों को लेकर पूछताछ कर रही है। संवाद