फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फरीदाबाद: हस्तशिल्पियों का महाकुंभ, दर्शकों के लिए संडे को बना फन-डे

विज्ञापन
विज्ञापन
- ढाई लाख से अधिक दर्शकों ने उठाया मेले कर लुत्फ
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। हस्तशिल्पियों का 36वां सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय मेला संडे को दर्शकों के लिए फन डे बन गया। छुट्टी का दिन होने के कारण भारी संख्या में दर्शक मेला देखने पहुंचे। अधिकारियों के अनुसार रविवार को करीब ढाई लाख दर्शकों ने मेले का लुत्फ उठाया। यहां थीम स्टेट नॉर्थ-ईस्ट की लोक संस्कृति का नजारा भी खूब देखने को मिला। वहीं भारतीय लोक कलाकारों के अलावा मेले में शंघाई देश स्टेट ऑफ इलेट्रिया, रिपब्लिक ऑफ मेडागास्कर, इथियोपिया के कलाकार अपनी अनूठी कला व संस्कृति की छाप छोड़ रहे हैं। मेला 19 फरवरी तक दर्शकों के लिए जारी रहेगा।
नॉर्थ-ईस्ट की वेशभूषा में सजे कलाकारों ने मेले में पहुंचे विशिष्ट अतिथियों और पर्यटकों का पारंपरिक वाद्य यंत्र बजाकर स्वागत किया। इसके बाद रंगारंग कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। बड़ी चौपाल पर पर्यटकों का देशी-विदेशी कलाकारों ने जहां अपने देश की समृद्ध संस्कृति की शानदार प्रस्तुतियों के साथ स्वागत किया। वहीं हरियावा पुलिस बैंड के अलावा व पूर्वोत्तर के राज्य नागालैंड की सांस्कृतिक टीमों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। हरियाणवी परिधान में सजे-धजे कलाकारों की टोलियों ने मेला परिसर के देशी-विदेशी पर्यटकों को अपनी शानदार प्रस्तुतियों से थिरकने पर मजबूर कर दिया। इसके अलावा छोटी चौपाल पर भी दिनभर देशी-विदेशी कलाकारों की प्रस्तुतियों को पर्यटकों ने काफी सराहा। स्टेट ऑफ इलेट्रिया के दल ने सेरेले डांस के माध्यम से अच्छी उपज होने पर अपनी खुशी का इजहार किया। रिपब्लिक ऑफ मेडागास्कर के कलाकारों ने लांबा पारंपरिक परिधान में अपने देश की संस्कृति की झलक बिखेरी। नागालैंड के कलाकारों ने भी वार डांस के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विज्ञापन

हरियाणा पुलिस के बैंड ने बॉलीवुड गानों पर दी शानदार प्रस्तुति
मेले की मुख्य चौपाल पर रविवार को हरियाणा पुलिस के बैंड ने बॉलीवुड गानों पर शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। एएसआई विनोद कुमार के नेतृत्व में 11 सदस्यीय हरियाणा पुलिस की टीम ने अनेक गानों पर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। पर्यटकों को यह संदेश भी दिया कि हरियाणा पुलिस केवल सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए ही प्रसिद्ध नहीं है, बल्कि कला, संस्कृति के मामले में भी वह किसी से कम नहीं हैं।


छोटी चौपाल पर भी हरियाणवी कलाकारों ने मचाया धमाल

छोटी चौपाल पर हरियाणवी कलाकारों ने हरियाणवी परिधान में अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्र मुग्ध किए रखा। डाॅ. संध्या शर्मा ने अपनी टीम के साथ पारंपरिक वाद्य यंत्रों पर जानी चोर सांग के किस्से की रागनियां प्रस्तुत कीं। उन्होंने प्रदेश की गौरवगाथा के अलावा पति-पत्नी की नोकझोंक की भी सुंदर प्रस्तुतियां दीं।

उन्होंने जानी चोर सुनार की पुत्री सोना के संवाद को रागनी के माध्यम से प्रस्तुत किया। हरियाणा की गौरवगाथा का वर्णन उन्होंने देशां में देश भारत, भारत में हरियाणा और मर्द सूरमा, बीर कमेरी रागनियां के माध्यम से किया। उन्होंने पति-पत्नी की मीठी नोकझोंक का वर्णन मत छेड़ बलम मेरे चूंदड़ नै, ना तै हो ज्या गी तकरार जले के माध्यम से किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक अधिकारी डाॅ. दीपिका वालिया, डाॅ. सुमन डांगी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

खादी उत्पादों पर 20 प्रतिशत तक की मिल रही छूट
मेले में देशी-विदेशी बुनकर अपने उत्पादों से पर्यटकों को खूब लुभा रहे हैं। एक ओर जहां सिल्क से बने कपड़ों को पर्यटक पसंद कर रहे हैं, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खादी को बढ़ावा देने के मिशन को झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड आगे बढ़ा रहा है। खादी के उत्पादों पर 20 प्रतिशत तक की छूट भी दी जा रही है। स्टॉल संख्या 1085 के अरविंद कुमार के नेतृत्व में बोर्ड द्वारा अनेक उत्पादों के 6 स्टॉल लगाए गए हैं। संतोष व दीपक ने बताया कि झारखंड में लगभग 50 प्रतिशत जनता खादी का प्रयोग कर रही है। यहां भी पर्यटक खादी के उत्पादों में अच्छी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। खादी कॉटन से बने उत्पादों में साड़ी, शर्ट, कुर्ता आदि शामिल हैं। सौंदर्य प्रसाधनों में नीम व चाय से बना साबुन, नीम, एलोवेरा, गुलाबजल, प्याज आदि से तैयार तेल, हर्बल मेंहदी, बॉडीवॉश, त्रिफला, जामुन, शिकाकाई, नीम के पाउडर भी स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दे रहे हैं।
विज्ञापन


मोटे अनाज के खाद्य पदार्थ भी पर्यटक कर रहे पसंद
मेले में पर्यटक विभिन्न प्रदेशों के लजीज व्यंजनों का स्वाद चख रहे हैं। फूड कॉर्ट पर पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। बाजरा के चूरमा का भी स्वाद खूब पसंद किया जा रहा हैं। हरियाणवी फूड्स स्टॉल पर पारंपरिक वेशभूषा में मोटे अनाज के खाद्य पदार्थ परोस रही महिला भी विशेष आकर्षण केंद्र बनी हुई है। रेवाड़ी के मंगलेश्वर किसान उत्पादक संगठन द्वारा खाद्य पदार्थों को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है। इनमें सरसों का साग, बाजरा की रोटी, बाजरा का चूरमा, बाजरा की चकली, बाजरा का दलिया, बाजरा का बिस्कुट, बाजरा की पकौड़ी आदि शामिल हैं। राजस्थानी भोजन भी पर्यटकों द्वारा खूब पसंद किया जा रहा है। इनमें स्पेशल थाली, दालबाटी चूरमा, मिस्सी रोटी थाली, प्याज-कचौरी, मूंगदाल कचौरी, जोधपुरी मिर्ची बड़ा, मूंगदाल पकौड़ी व हलवा, चूरमा लड्डू, स्पेशल राजस्थानी केसरिया कुल्लड़ चाय, बीकानेरी केसरीय जलेबी, जोधपुरी मावा कचौरी आदि शामिल हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें