संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। यातायात पुलिस ने ग्रेटर कोलंबस इंटरनेशनल स्कूल में करीब 1000 छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों के साथ-साथ महिला सुरक्षा संबंधित सामाजिक मुद्दों के बारे में जागरूक किया।
ट्रैफिक एसएचओ सतीश कुमार ने एनआईटी स्थित केएल मेहता दयानंद पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों के साथ-साथ साइबर फ्रॉड व महिला सुरक्षा संबंधित सामाजिक मुद्दों के बारे में जागरूक करते हुए जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्या दीपिका शर्मा, डॉ. रजा, मोनिका मल्होत्रा रूपम सचदेवा, उर्मिला सहित समस्त स्टाफ व 1000 छात्र व छात्राएं मौजूद रहीं। इंस्पेक्टर सतीश ने छात्रों को साइबर अपराध से बचने के लिए अपना बैंक खाता, क्रेडिट या डेबिट कार्ड की कोई जानकारी किसी के साथ साझा न करने की हिदायत दी। साइबर अपराध से बचाव के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए बताया कि अगर साइबर फ्रॉड हो जाता है तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें, जिससे आपका पैसा 24 घंटे के अंदर वापस आने की संभावना रहती है।