फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: झमाझम बारिश से सड़कों पर लगा वाहनों का लंबा जाम

Thu, 22 Aug 2024 10:46 PM IST
नोएडा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फरीदाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

फरीदाबाद। शहर में बृहस्पतिवार को हुई झमाझम बारिश ने जहां एक तरफ लोगों को गर्मी से राहत दी। वहीं, जलभराव आफत बन गया। पानी निकासी व्यवस्था खराब होने से कई जगहों पर जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी अधिक होने के कारण गाड़ियां खराब हो गईं। चौक-चौराहों पर जलभराव होने से वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश शुरू होने के साथ ही कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। वहीं, नीलम आरओबी पर वाहनों का लंबा जाम लग गया।
नगर निगम के लापरवाह रवैये का एक और मामला सामने आया है। जवाहर कॉलोनी की बहुचर्चित सड़क 60 फीट रोड पर सड़क लेवलिंग का कार्य पिछले कुछ माह से बंद है। बृहस्पतिवार को हुई बारिश से सड़क पर घुटनों तक जलभराव हो गया। इससे सड़क तालाब में तबदील हो गई। अधिवक्ता मनोज शर्मा ने बताया कि ठेकेदार ने पिछले दिनों स्थानीय निवासियों व दुकानदारों के मना करने के बावजूद सड़क को खोद दिया। जिसका नतीजा यह हुआ कि रात में हुई बारिश से सड़क का काफी हिस्सा तालाब में तब्दील हो गया, क्योंकि यहां निगम द्वारा पानी निकासी के कोई अतिरिक्त प्रबंध किए नहीं गए।
विज्ञापन


हाईवे पर लगा जाम

बृहस्पतिवार की दोपहर हुई झमाझम बारिश से सड़कों पर जलभराव के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाटा चौक, अजरौंदा चौक, सेक्टर-7-8 चौक और बल्लभगढ़ बस अड्डा चौक पर पानी भरने से जाम स्थिति बन गई। अजरौंदा चौक पर पानी भरने से नीलम पुल से हाईवे पर जाने वाले वाहनों की कतार लग गई। सबसे ज्यादा खराब हालत 60 फुट रोड, सेक्टर-22, 23 और सेक्टर-15ए में देखने को मिली। यहां की सड़कें पानी से लबालब थीं। सड़कों पर घुटनों तक पानी भरने लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

ऑटो-मोटरसाकिल हुए खराब
बारिश के कारण ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास, मेवला महाराजपुर अंडरपास, एनएचपीसी अंडरपास और बल्लभगढ़ बस अड्डे के पास पानी भरने से ऑटो सहित कई गाड़ियां खराब हो गईं। इसी प्रकार सेक्टर-7-8, अजरौंदा चौक और सेक्टर-23 चौक पर हुए जलभराव से कई लोगों की मोटरसाइकिल खराब हो गई।
इन सड़कों पर रहा जलभराव

सेक्टर-10-11 की डिवाइडिंग सड़क, सेक्टर-16 के विश्राम गृह वाली सड़क, सेक्टर-11 व 12 की सड़क, सेक्टर, छह, सात, आठ, नौ, 15, 16, 17, 18, 19, 21, 22, 23, 28, 29, 30, 31 व 37 की मुख्य सड़कें, बीके-हार्डवेयर चौक, एयरफोर्स रोड, रेलवे रोड, राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुड ईयर चौक से सेक्टर-7 और सात के डिवाइडिंग रोड पर, सेक्टर-7 और 9 की हुड्डा मार्केट, सेक्टर-9 व 10 के डिवाइडिंग रोड, सेक्टर-3 से तिगांव रोड, सौ फुटा रोड और बल्लभगढ़ शहर स्थित बस अड्डे पर भी पानी भर गया। ऐसे में यहां बस पकड़ने आए यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। सड़कों पर जमा हुए पानी के कारण राहगीरों व वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई।
विज्ञापन

वर्जन
अभी हल्की-फुल्की बारिश हुई है। सड़कों पर ज्यादा जलभराव नहीं हुआ है। नालों की सफाई के बाद से सड़कों पर भरा पानी एक दो घंटे में निकल जाता है। अब ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
- ओमबीर, अधीक्षण अभियंता, नगर निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें